Sunday, 15 March 2026

"जो जाना चाहता है, उसे जाने दो” - छोड़ने की कला भी प्रेम है ।

कभी-कभी जीवन हमें एक बहुत कठिन परंतु आवश्यक सत्य सिखाता है —

जो जाना चाहता है, उसे रोकना नहीं चाहिए।

यदि कोई आपकी ज़िंदगी से दूर जाना चाहता है, तो उसे जाने दीजिए। अगर आपके सच्चे प्रेम के बावजूद उसने किसी और को चुन लिया है, तो उस निर्णय को स्वीकार कर लीजिए। प्रेम का अर्थ किसी को बाँध लेना नहीं, बल्कि उसे उसकी इच्छा के साथ मुक्त करना भी है।

कभी ऐसा भी होता है कि एक सुंदर रिश्ता बिना किसी स्पष्ट कारण के चुप्पियों में बदल जाता है। शब्द कम हो जाते हैं, मुलाकातें विरल हो जाती हैं और दूरी धीरे-धीरे स्थायी हो जाती है। ऐसे में उस व्यक्ति को अपनी प्राथमिकता बनाकर रखना, जिसने आपको कभी अपनी प्राथमिकता समझा ही नहीं — अपने ही दिल के साथ अन्याय है।

रिश्तों में दूरी कई बार शब्दों से बड़ा अपमान होती है।

अगर कोई दिन, महीने या उससे भी अधिक समय तक आपकी खबर नहीं लेता, तो यह समझ लेना चाहिए कि आपकी अनुपस्थिति ने उसके जीवन में कोई खाली जगह नहीं बनाई। जिस इंसान को आपकी अहमियत का एहसास नहीं, उसे आपकी मौजूदगी की कीमत भी कभी समझ नहीं आएगी।

अगर कोई आपको मिस नहीं करता, अगर वह आपके बिना सहजता से जी सकता है, तो उसे वहीं रहने दीजिए जहाँ उसने अपने लिए जगह बना ली है।

क्योंकि प्रेम कभी एकतरफा नहीं होता।

अगर कोई आपको मिस नहीं करता, अगर वह आपके बिना सहजता से जी सकता है, तो उसे वहीं रहने दीजिए जहाँ उसने अपने लिए जगह बना ली है।

क्योंकि प्रेम कभी एकतरफा नहीं होता।

और उस व्यक्ति को थामे रखने की कोशिश करना, जिसने पहले ही हाथ छुड़ा लिया हो, केवल आत्मसम्मान की कीमत पर किया गया मोह होता है।

सच्चाई यह है कि जीवन में कुछ भी स्थायी नहीं होता।

न लोग, न रिश्ते, न ही परिस्थितियाँ।

हम इस दुनिया में अकेले आए थे। जीवन की सबसे कठिन लड़ाइयाँ भी हमने अक्सर अकेले ही लड़ी हैं। और एक दिन ऐसा भी आएगा जब हमें इस संसार से विदा भी अकेले ही लेना होगा।

इसलिए अपने चुनाव समझदारी से कीजिए।

जो लोग आपको छोड़कर किसी और को चुन लेते हैं, वे आपकी कहानी का वर्तमान नहीं, केवल अतीत का एक अध्याय होते हैं।

किसी ऐसे व्यक्ति को पकड़े रहना जिसने आपको कभी चुना ही नहीं — यह प्रेम नहीं, बल्कि एक भ्रम है।

अतीत अक्सर स्मृतियों का जाल होता है।

यादें हमें अनुभव देती हैं, कुछ सबक देती हैं, लेकिन वे जीवन नहीं होतीं।

इसलिए पीछे मुड़कर मत देखिए।

जो पीछे रह गया है, वह अब केवल कहानी है।

आपकी ज़िंदगी आपकी अपनी है —

और इसका रास्ता आपको अंततः खुद ही तय करना होता है।

Friday, 13 March 2026

"जिंदगी जीने का कोई स्थिर सूत्र नहीं होता”

कभी-कभी मुझे लगता है कि समस्या ज़िंदगी में नहीं है। समस्या हमारे भीतर की उस बेचैनी में है, जो हर चीज़ को किसी परिभाषा में बाँध देना चाहती है। हमें बचपन से सिखा दिया जाता है कि जीवन एक सीधी रेखा है। इतनी उम्र में पढ़ाई पूरी कर लो, इतने साल में सफलता पा लो,

यह सही है, वह गलत है। जैसे ज़िंदगी कोई गणित का प्रश्न हो, जिसका एक ही उत्तर सही माना जाएगा।

पर सच कहूँ…ज़िंदगी कभी भी ब्लैकबोर्ड पर लिखी जाने वाली कोई समीकरण नहीं रही। वह तो एक नदी की तरह है— कभी शांत, कभी उफनती, कभी रास्ता बदलती हुई, कभी चट्टानों से टकराकर अपना नया रास्ता खुद बनाती हुई। ज़िंदगी को समझना आसान होता

ज़िंदगी को समझना आसान होता

अगर वह सवाल होती।

पर वह तो कहानी है,

जो हर मोड़ पर नया अध्याय लिखती है।

हम पैमाने इसलिए बनाते हैं क्योंकि हमें अनिश्चितता से डर लगता है। हमें लगता है कि अगर नियम बना लिये, अगर सही और गलत की रेखाएँ खींच दीं, तो शायद हम सुरक्षित रहेंगे। पर जीवन की सबसे बड़ी सुंदरता ही यही है कि वह तय नहीं है, अगर सब पहले से तय होता तो आश्चर्य कहाँ से आता? सीख कहाँ से आती? और अनुभव की गहराई कहाँ से जन्म लेती? अगर रास्ते पहले से लिखे होते, तो सफ़र का मतलब ही क्या होता जो अनजान मोड़ नहीं आते, तो कहानी का जादू कहाँ होता।

शायद इसी वजह से ज़िंदगी जीने का तरीका भी कोई स्थिर सूत्र नहीं हो सकता। वह हर दिन बदलता है—परिस्थितियों के साथ, अनुभवों के साथ, और हमारे भीतर जागती हुई समझ के साथ। आज जो सही लगे, कल बदल भी सकता है और इसमें कोई अपराध नहीं है। क्योंकि परिपक्वता शायद यही है— कि हम यह स्वीकार कर लें कि हमें हर मोड़ का पता नहीं है, फिर भी हम चलने का साहस रखते हैं। सफ़र का भरोसा रास्तों पर नहीं, चलने वाले के हौसले पर होता है। मंज़िल कभी तय नहीं होती, बस चलना ही कहानी बन जाता है।

शायद जीने का तरीका तय करने से ज़्यादा ज़रूरी है ,जीने के सच को स्वीकार करना कि जीवन अनिश्चित है. कि वह अपूर्ण है और शायद इसी अपूर्णता में उसकी सबसे बड़ी पूर्णता छिपी है तय अगर कुछ होना चाहिए   तो बस इतना— कि हम अपने भीतर की ईमानदारी न खोएँ। बाकी रास्ते… वे चलते-चलते खुद बनते जाते हैं।

रास्ते हमसे नहीं पूछते,

हम ही उनसे गुज़रते जाते हैं।

और एक दिन मुड़कर देखते हैं—

तो पाते हैं,

रास्ते नहीं…

ज़िंदगी बन गई है।



“कुछ शहर सिर्फ़ यादों में अच्छे लगते हैं”

तुम्हारे शहर का नाम अब भी मेरी धड़कनों में दर्ज है, उसका हर रास्ता, हर मोड़, हर शाम मुझे अब भी याद है।

पर शायद मैं वहाँ अब कभी नहीं आऊँगा…

क्योंकि उसी शहर ने मेरे वहाँ आने की वजह मुझसे छीन ली है, कितने अजीब होते हैं ये शहर भी।

पहले किसी अजनबी को हमारी पूरी दुनिया बना देते हैं। उसकी मुस्कान में हमारी सुबहें सजा देते हैं,

और उसकी बातों में हमारी शामें। 

फिर एक दिन…..

उसी भीड़ में उसे हमसे ऐसे छुपा लेते हैं जैसे वह कभी हमारा था ही नहीं।

कुछ शहर दिल में घर बना लेते हैं,

पर उनकी गलियों में लौटना मुमकिन नहीं होता।

तुम्हारा शहर भी कुछ ऐसा ही निकला, उसी ने मुझे तुमसे मिलाया था, उसी ने तुम्हारी हँसी से मेरे दिनों को महकाया था और फिर उसी ने एक दिन बिना कोई शोर किए तुम्हें मुझसे दूर कर दिया।

मुझे कहानियाँ पढ़ने और लिखने का शौक बचपन से था, किताबों में लिखी कहानियाँ हमेशा अच्छी लगती थीं।

पर मैंने कभी सोचा नहीं था कि एक दिन हम ख़ुद ही एक कहानी बन जाएँगे और वो भी ऐसी कहानी—

जिसका आख़िरी पन्ना कभी लिखा ही नहीं गया।

कुछ कहानियाँ पूरी नहीं होतीं,

बस याद बनकर उम्र भर साथ चलती हैं।

पहले तुम रोज़ मिला करती थी, हमारे बीच बातों के दरिया बहते थे ..हर छोटी-सी बात में भी एक अपनापन था,

हर मुलाक़ात में एक सुकून और अब…हफ़्तों बीत जाते हैं तुम्हें देखे बिना, तुम्हारी आवाज़ सुने बिना।

शायद आने वाले वक़्त में हम कभी मिलें भी नहीं, शायद तुम मेरे होने का एहसास भी भूल जाओ।

पर मैं… मैं तुम्हें कैसे भूलूँ? तुम मेरी आदत नहीं थी,..तुम मेरी दुआ थी।

जिसे दिल दुआ बनाकर माँगता है,

उसे भूलना आसान नहीं होता।

कभी-कभी सोचता हूँ—

कुछ सालों बाद जब तुम्हारी तस्वीर मेरे दिल में थोड़ी धुँधली पड़ जाएगी, जब तुम्हारी यादें भी मुझे थोड़ा कम सताएँगी, जब तुम अपनी दुनिया में बहुत मशरूफ़ हो जाओगी… और शायद मुझे पूरी तरह भूल जाओगी— तब मैं तुम्हारे नाम एक ख़त लिखूँगा, उस ख़त में लिखूँगा—

“तुम्हारी याद में यूँ ही तड़प-तड़प कर मर जाएँगे एक दिन,

तुम तारों से बैठकर करोगी फिर बातें मेरी।”

फिर उस ख़त को एक गुमनाम पते पर भेज दूँगा— जो शायद कभी तुम तक पहुँचे ही नहीं,  पर उस दिन…

मैं ख़ुद को रिहा कर दूँगा, तुम्हारी यादों की कैद से,.तुम्हारी झूठी क़समों से,.उन अधूरे वादों से जो आज भी मेरी रातों को जगाए रखते हैं, और फिर निकल पड़ूँगा एक नए सफ़र पर अकेला… पर थोड़ा मज़बूत और खुद से एक वादा करूँगा—

अब कभी तुम्हारे शहर नहीं आऊँगा।

क्योंकि सच यही है—

कुछ शहर सिर्फ़ यादों में अच्छे लगते हैं, हक़ीक़त में नहीं।

“दुखों को नाम देना सीखिए — शायद दर्द थोड़ा हल्का हो जाए”

कई बार हम जिस दुख को आज का समझकर जी रहे होते हैं, वह दरअसल बीते दिनों की कोई अधूरी परछाई होता है। समय आगे बढ़ जाता है, पर कुछ दर्द वहीं ठहर जाते हैं —

हमारे भीतर, हमारी यादों के किसी शांत कोने में, छोटे-छोटे दुख हमें इतना थका देते हैं कि बड़े दुख चुपचाप हमारी चौखट पर बैठकर बस हमारी थकान का इंतज़ार करते रहते हैं। हम सोचते हैं कि यह दर्द आज का है, लेकिन सच तो यह है कि वह किसी पुराने दिन की अधूरी कहानी बनकर हमारे भीतर फिर लौट आया है। शायद इसलिए ज़रूरी है कि हम अपने दुखों को नाम देना सीखें। क्योंकि जब दर्द की पहचान हो जाती है, तो उसका बोझ थोड़ा हल्का लगने लगता है।

हर दर्द को दिल में छुपाना ज़रूरी नहीं होता,

कभी-कभी उसे पहचान देना भी राहत बन जाता है।

जब हम अपने दुखों को नाम देते हैं, तो हम यह समझ पाते हैं कि कौन-सा दर्द आज का है और कौन-सा कल का।

कौन-सी पीड़ा हमारे साथ चलनी चाहिए और कौन-सी बस एक स्मृति बनकर रह जानी चाहिए। क्योंकि सच तो यह है कि कुछ दुख सिर्फ नाम बदलते ही पराये हो जाते हैं और कुछ…बस “अपना” कह देने भर से थोड़ा मुस्कुरा उठते हैं।

कुछ दर्द अजनबी होते हैं,

जो दिल में आकर बस जाते हैं।

और कुछ अपने होते हैं,

जो हमें जीना सिखा जाते हैं।

कभी-कभी जो दुख हमें आज का लगता है, वह दरअसल बीते समय की कोई अधूरी कहानी होता है। वही कहानी जो कभी पूरी नहीं हो पाई, वही शब्द जो कभी कहे नहीं जा सके, वही रिश्ते जो कभी समझे नहीं जा सके। छोटे-छोटे दुख हमें इतना उलझा लेते हैं कि हम बड़े दुखों को पहचान ही नहीं पाते। वे चुपचाप हमारे दरवाज़े पर बैठे रहते हैं, बस हमारी फुर्सत का इंतज़ार करते हुए।

दुख भी अजीब मेहमान होते हैं,

बिना बुलाए चले आते हैं।

और अगर उन्हें पहचान न दो,

तो उम्र भर साथ निभाते हैं।

शायद इसलिए..

हमें अपने हर दर्द को एक नाम दे देना चाहिए। ताकि एक पीड़ा दूसरी पीड़ा की परछाईं बनकर हमारे भीतर और गहरी न होती चली जाए। क्योंकि कुछ दुखों को “पराया” कह दो तो वे धीरे-धीरे लौट जाते हैं। और कुछ को “अपना” कह दो…तो वे भी चुपचाप मुस्कुरा देते हैं।

दर्द को ठुकराओगे तो वो और गहरा होगा,

उसे अपना कह दोगे तो वो थोड़ा ठहर जाएगा।

शायद यही जीवन की सबसे शांत सीख है—

हर दर्द से लड़ना ज़रूरी नहीं होता, कुछ दर्दों को बस पहचान देना ही काफी होता........