मुसाफ़िर कैफ़े : सपनों, प्रेम और अधूरे सफ़रों की कहानी...
‘अक्टूबर जंक्शन’ पढ़ने के बाद दिव्य प्रकाश दुबे जी की लेखनी ने मन पर जो असर छोड़ा था, उसी ने मुझे उनकी अगली चर्चित कृति मुसाफ़िर कैफ़े तक पहुँचा दिया। ऊपर से आने वाली सीरीज़ में विक्रांत मेसी जैसे सुलझे हुए कलाकार का नाम जुड़ जाए, तो उत्सुकता स्वाभाविक ही बढ़ जाती है।
सोचा — क्यों न पहले किताब को ही अपने तरीके से महसूस किया जाए। क्योंकि समीक्षा आखिरकार एक निजी अनुभव होती है; जो मैंने देखा-समझा, जरूरी नहीं कि हर पाठक वही देखे… पर शायद कुछ एहसास हम सबके साझा हो जाएँ।
कहानी आखिर है क्या?
मुसाफ़िर कैफ़े सपनों, प्रेम और उन अधूरे ख्वाबों की कहानी है जो हमारी “लिस्ट” में तो होते हैं, मगर ज़िंदगी उन्हें अपनी शर्तों पर पूरा करती है।
कहानी के केंद्र में हैं — सुधा और चंदर।
दो बिल्कुल अलग स्वभाव के लोग।
एक मुलाक़ात…
एक कैफ़े…
और दो जिंदगियाँ, जो अनजाने में एक-दूसरे की ओर बढ़ने लगती हैं।
सुधा — पेशे से तलाक़ वकील।
जिसने रिश्तों को टूटते देखा है, इसलिए वह शादी जैसी समझौते पर भरोसा नहीं करती।
चंदर — एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर।
सीधा-सादा, संवेदनशील और समझदार, जो सुधा की बातों को सिर्फ सुनता ही नहीं, उन्हें समझने की कोशिश भी करता है।
धीरे-धीरे बातचीत से साथ, और साथ से अपनापन जन्म लेता है।
वे साथ रहने लगते हैं… और कब यह अपनापन प्रेम में बदल जाता है, शायद उन्हें खुद भी ठीक से पता नहीं चलता।
पर प्रेम हमेशा सीधी राह नहीं चुनता।
ज़िद, सपने और अपनी-अपनी सोच — इन सबके बीच उनके रास्ते अलग हो जाते हैं।
और फिर वही शाश्वत प्रश्न सामने आ खड़ा होता है —
क्या दो लोग, जो एक-दूसरे को सबसे बेहतर समझते हैं, सच में अलग रह सकते हैं?
या ज़िंदगी उन्हें फिर किसी मोड़ पर मिलाने की साज़िश करती है?
भाषा और भाव
दिव्य प्रकाश दुबे जी की सबसे बड़ी खासियत उनकी सहज और बोलचाल की भाषा है। वे भारी-भरकम शब्दों का सहारा नहीं लेते, बल्कि साधारण पंक्तियों में असाधारण भाव कह जाते हैं —
“लाइफ को लेके प्लान बड़े नहीं, सिंपल होने चाहिए…”
“सबसे ज्यादा वो यादें याद आती हैं जो हम बना सकते थे…”
“किताब की अंडरलाइन अक्सर वो फुल स्टॉप होता है जो लिखने वाले ने पढ़ने वाले के लिए छोड़ दिया होता है।”
“समंदर जितना बेचैन होता है, हम उसके पास पहुँचकर उतना ही शांत हो जाते हैं… शायद ज़िंदगी भी ऐसी ही है।”
यही पंक्तियाँ इस किताब को सिर्फ एक प्रेमकथा नहीं रहने देतीं; यह हमें सोचने पर मजबूर करती है —
क्या हम अपने सपनों के लिए जीते हैं, या सपने हमारे लिए?
क्या हर रिश्ता किसी नाम का मोहताज होता है?
सुधा और चंदर धीरे-धीरे कहानी के किरदार नहीं रह जाते। वे हमारे भीतर बसने लगते हैं — हमारे अधूरे फैसलों में,
हमारी टलती हुई हिम्मत में, और उन सपनों में जिन्हें हम अक्सर “कल” पर छोड़ देते हैं।
और किताब खत्म होने के बाद मन में एक सवाल रह जाता है —
क्या सचमुच देर हो चुकी है ..?
या हम अभी भी अपने हिस्से का सफ़र शुरू कर सकते हैं?
एक पाठक की छोटी-सी शिकायत
हाँ, कहीं-कहीं लगा कि भाषा थोड़ी और गहरी होती तो कुछ भाव और भीतर तक उतरते।
कभी-कभी सुधा और चंदर का रिश्ता थोड़ा उलझा-सा भी लगा — जैसे आजकल की भाषा में कहें तो “सिचुएशनशिप” की धुंध में खड़ा हो।
किताब पढ़ते हुए कई बार ऐसा लगा जैसे कहीं दूर से धर्मवीर भारती जी के “गुनाहों के देवता” की हल्की-सी छाया इस कहानी के पन्नों पर आकर ठहर गई हो। शायद इसलिए कि उनके रचे हुए किरदार — सुधा, चंदर और पम्मी — आज भी पाठकों के मन से पूरी तरह जाते नहीं। वे किसी पुराने गीत की तरह यादों में बस जाते हैं।
आपने भी उन नामों को अपनी कहानी में जगह दी है, और यह एक पाठक के तौर पर मुझे अच्छा भी लगा — जैसे किसी प्रिय किताब की याद अचानक सामने आ जाए। लेकिन कहीं-कहीं मन में यह भी लगा कि जिन किरदारों की भावनाएँ “गुनाहों के देवता” में इतनी गहरी और बेचैन कर देने वाली थीं, मुसाफ़िर कैफ़े में उन्हें उसी गहराई से जीने का मौका शायद नहीं मिल पाया।
इसे शिकायत से ज़्यादा एक पाठक की छोटी-सी उम्मीद समझिए — क्योंकि जब नाम वही होते हैं, तो पाठक अनायास ही उसी तीव्रता, उसी कसक की तलाश करने लगता है। आपकी कहानी अपनी जगह सुंदर है, बस कहीं-कहीं लगा कि अगर इन किरदारों की भावनाओं को थोड़ा और ठहरकर, थोड़ा और गहराई से बरता जाता, तो यह सफ़र और भी यादगार बन सकता था।
फिर भी, यही तो अच्छी कहानियों की खूबी है — वे पढ़ लेने के बाद भी मन में बातचीत जारी रखती हैं। और आपकी यह किताब भी वही करती है। शायद इसी वजह से पाठक, कहानी खत्म होने के बाद भी, लेखक से यूँ ही थोड़ी-सी बात करने लगते हैं। 💛
और एक बात, जो एक पाठक के तौर पर कहना चाहूँगा..
आज की पीढ़ी भले ही कम उपन्यास पढ़ती हो, पर जब वह किताब उठाती है तो शायद वही खोजती है जो फिल्मों और वेब सीरीज़ में नहीं मिल पाता — दिल की सच्चाई।
उपन्यास निर्देशक या निर्माता की तरह दर्शकों को खुश करने की कोशिश नहीं करता।
वह तो लेखक के दिल से निकले हुए शब्द होते हैं, जो सीधे पाठक के दिल तक पहुँचते हैं।
और अंत में… लेखक से थोड़ा प्यार भरा उलाहना😊
दिव्य प्रकाश जी,
अक्टूबर जंक्शन पढ़ने के बाद मन को जो सुकून मिला था, वह किसी शांत नदी की तरह था — ठहरा हुआ, गहरा और सच्चा। मुसाफ़िर कैफ़े में भी वही संवेदनशीलता है, वही दिल की गर्माहट… बस कहीं-कहीं लगा कि आपने अपनी सहज और सुंदर कहानी के बीच कुछ ऐसे संवाद भी बैठा दिए, जिनकी शायद इस सफ़र को ज़रूरत नहीं थी।
सच कहूँ तो आपकी लेखनी इतनी सच्ची है कि उसे “मसाले” की ज़रूरत नहीं पड़ती।
आप जब दिल से लिखते हैं, तो पाठक वैसे ही साथ चल पड़ता है।
इसलिए इसे शिकायत मत समझिए,
इसे एक पाठक की वह जिद समझिए जो आपकी कलम से और भी साफ़, और भी गहरी कहानियाँ पढ़ना चाहता है।
और यकीन मानिए —
जब आप लिखते हैं, तो हम जैसे पाठक सिर्फ पढ़ते नहीं…
थोड़ा-सा जी भी लेते हैं। 💛









